धनबाद: भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री Rajiv Gandhi की 35वीं पुण्यतिथि गुरुवार को धनबाद में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन की कार्यकारी अध्यक्ष एवं धनबाद लोकसभा की कांग्रेस नेत्री Anupama Singh के निर्देशानुसार उनके आवासीय कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सतपाल सिंह ब्रोका ने की, जबकि संचालन किशोर कुमार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश में कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की शुरुआत कर भारत को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने का कार्य किया। साथ ही युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाकर लोकतंत्र को और मजबूत किया।
सभा में वक्ताओं ने यह भी कहा कि राजीव गांधी ने पंचायत राज व्यवस्था को सशक्त बनाकर गांवों और आम जनता को अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया। शिक्षा के क्षेत्र में नवोदय विद्यालय जैसी योजनाओं की शुरुआत कर ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अवसर दिया।
नेताओं ने कहा कि पंजाब, असम और मिजोरम शांति समझौतों के माध्यम से उन्होंने देश में एकता और शांति स्थापित करने का प्रयास किया। उनका सपना आधुनिक, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का था, जिसकी झलक आज देश के विकास में स्पष्ट दिखाई देती है।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने तथा देश की एकता, लोकतंत्र और विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संतोष महतो, किशोर कुमार, भगवान दास, सतपाल सिंह ब्रोका, फ़ैज़ अहमद, गौतम पासवान, शैलेंद्र सिंह, राजू कुमार गिरी, दीपक सिंह, सिद्धार्थ शंकर मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह, अरुण कुमार, नमिता दास, पिंकी देवी, मीना देवी, रूबी देवी, शशि भूषण मिश्रा, प्रमोद मिश्रा, विक्की चौबे सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।














