Dhanbad : धनबाद पुलिस की ओर से शुक्रवार को शहर के एक निजी होटल में भव्य विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले से स्थानांतरित निवर्तमान डीएसपी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थापित डीएसपी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
समारोह के दौरान अधिकारियों के कार्यकाल, उपलब्धियों और पुलिस प्रशासन में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का माहौल काफी आत्मीय और भावुक रहा, जहां अधिकारियों ने एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से आदित्य रंजन एवं प्रभात कुमार उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने स्थानांतरित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धनबाद जैसे महत्वपूर्ण जिले में कार्य करना चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ सीखने का भी बड़ा अवसर होता है।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासनिक सेवा में स्थानांतरण एक नियमित प्रक्रिया है, लेकिन किसी अधिकारी का कार्य और व्यवहार हमेशा याद रखा जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थानांतरित अधिकारी नई जगहों पर भी अपने अनुभव और कार्यशैली से बेहतर प्रशासनिक योगदान देंगे।
उन्होंने नवपदस्थापित अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि धनबाद जिला औद्योगिक, सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है तथा यहां बेहतर समन्वय और टीमवर्क के साथ कार्य करने की आवश्यकता होती है।
वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन, समर्पण और जनता के प्रति संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्थानांतरित अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों ने जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जन शिकायतों के निष्पादन एवं पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने नवपदस्थापित अधिकारियों से पूरी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर पुलिसिंग और जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में लोकेश बारांगे, रित्विक श्रीवास्तव, एस मोहम्मद याकूब समेत जिले के कई डीएसपी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
समारोह के अंत में सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के विश्वास को कायम रखने का संकल्प दोहराया।
ये भी पढ़ें:-Dhanbad: बेलगढ़िया टाउनशिप में जल्द शुरू होगी फ्लैटों की लीज ट्रांसफर प्रक्रिया
















