धनबाद : कोयलांचल धनबाद के लिए यह पल गर्व और भावनाओं से भरा हुआ है। धनबाद के प्रतिष्ठित डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर के पूर्व छात्र अभिनंदन मिश्रा ने कठिन संघर्षों को पीछे छोड़ते हुए भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून में लेफ्टिनेंट पद के लिए चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्तमान में भारतीय वायुसेना में कार्यरत अभिनंदन ने ऑल इंडिया रैंक 42 हासिल कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों और लगातार मेहनत के सामने कोई भी मुश्किल बड़ी नहीं होती।
अभिनंदन मिश्रा का धनबाद से गहरा जुड़ाव
अभिनंदन मिश्रा की शिक्षा-दीक्षा धनबाद में ही हुई। उनके बड़े भाई आज भी धनबाद के कोयला नगर में रहते हैं और संघर्ष के हर दौर में उन्होंने अभिनंदन का हौसला बढ़ाया। मूल रूप से बक्सर के योगिया गांव निवासी स्वर्गीय सहजानंद मिश्रा के पोते और स्वर्गीय बाचस्पति मिश्रा के पुत्र अभिनंदन की इस उपलब्धि से धनबाद और बक्सर दोनों जगह खुशी का माहौल है।
माता-पिता के निधन के बाद भी नहीं टूटा हौसला
परिवार के अनुसार अभिनंदन का जीवन कम उम्र में ही कठिन दौर से गुजरने लगा था। माता-पिता के असमय निधन के बाद जहां अधिकांश युवा टूट जाते हैं, वहीं अभिनंदन ने अपने दर्द को ही अपनी ताकत बना लिया।
उनके बड़े भाई ने धनबाद के कोयला नगर में रहकर हर परिस्थिति में उनका साथ दिया और लगातार प्रेरित किया। इसी प्रेरणा से अभिनंदन ने सेना में अधिकारी बनने का सपना देखा और उसे पूरा भी कर दिखाया।
DAV कोयला नगर से शुरू हुआ सफलता का सफर
डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर से शुरू हुआ अभिनंदन मिश्रा का सफर आज भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट पद तक पहुंच चुका है। उनकी यह सफलता आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
उन्होंने साबित कर दिया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, अगर इंसान के इरादे मजबूत हों तो सफलता जरूर मिलती है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बने अभिनंदन मिश्रा
अभिनंदन मिश्रा की कहानी संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल है। उनकी उपलब्धि न सिर्फ धनबाद बल्कि पूरे झारखंड और बिहार के युवाओं को प्रेरित कर रही है।
















