टुंडी: धनबाद जिले के पश्चिमी टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनियाडीह पंचायत के जीतपुर गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बुधवार सुबह घर के काम के दौरान बिजली का करंट लगने से 35 वर्षीय युवक टेकलाल मंडल की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार टेकलाल मंडल, स्वर्गीय चिरंजीवी मंडल के पुत्र थे। बुधवार की सुबह वह अपने घर में रोजमर्रा का काम कर रहे थे। इसी दौरान घर में मौजूद बिजली के तार में लीकेज होने के कारण वे अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
टेकलाल को छटपटाता देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजन और ग्रामीण बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए धनबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां के डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें तत्काल शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल धनबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक टेकलाल मंडल अपने पीछे पत्नी पिंकी देवी, दो पुत्रियों और एक मासूम पुत्र को छोड़ गए हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को वापस जीतपुर गांव लाया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजसेवी मृतक के घर पहुंचे तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान प्रबुद्ध समाजसेवी चन्द्र मोहन राय एवं किशोर चन्द्र चौधरी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बिजली व्यवस्था की जांच कराने और जर्जर तारों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
















