हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक गिर जाने से छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए करीब साढ़े सात घंटे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने मलबे में दबे तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। प्रशासन द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जाएगी। साथ ही निर्माण एजेंसी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
















