धनबाद में एकेडमिक वर्ष 2025-26 के दौरान मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 81 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। धनबाद क्लब में आयोजित विशेष समारोह में जैक बोर्ड इंटर साइंस की स्टेट टॉपर रशीदा नाज सहित जैक, सीबीएसई, आईसीएसई, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एक दिव्यांग छात्र द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। सम्मानित होने वाले छात्रों में तीन दिव्यांग छात्र भी शामिल रहे, जिनके प्रदर्शन की विशेष सराहना की गई।
समारोह में उपस्थित उपायुक्त ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन मेहनत बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को मोबाइल फोन से दूरी बनाकर किताबों को अपना सबसे अच्छा साथी बनाने की सलाह दी।
वहीं एसएसपी ने कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाना चाहिए। जिस क्षेत्र में बच्चे अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने और अच्छी संगति पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगे।
















