पूर्वी टुंडी (धनबाद): धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत मोहलीडीह पंचायत के बड़बाद बागानडीह आदिवासी टोला में स्थित एक पोल्ट्री फार्म को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। वर्षों से दुर्गंध और गंदगी की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने फार्म के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए इसे आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बीच संचालित पोल्ट्री फार्म से निकलने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं और कई लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, राजेन मंडल द्वारा संचालित यह पोल्ट्री फार्म कई वर्षों से गांव के चौराहे के समीप संचालित हो रहा है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पूर्व में भी फार्म को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण पोल्ट्री फार्म के बाहर एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के बढ़ते दबाव और विरोध के बाद संचालक राजेन मंडल ने ग्रामीणों को लिखित एवं मौखिक रूप से आश्वासन दिया कि एक महीने के भीतर पोल्ट्री फार्म को वर्तमान स्थान से बंद कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
















