धनबाद : भारत सरकार के नए दिशा-निर्देशों के तहत सभी पेट्रोलियम कंपनियों के लिए घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं का केवाईसी (KYC) अनिवार्य कर दिया गया है। इसे लेकर धनबाद जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों ने सोमवार को संयुक्त प्रेस वार्ता कर उपभोक्ताओं से 15 अगस्त तक हर हाल में केवाईसी कराने की अपील की।
प्रेस वार्ता में गैस एजेंसी के डीलर शांतनु चंद्रा ने बताया कि जिन घरेलू गैस उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना केवाईसी नहीं कराया है, वे अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन या फिर नजदीकी गैस एजेंसी जाकर केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद केवाईसी नहीं होने पर गैस सिलेंडर की बुकिंग और वितरण में दिक्कतें आ सकती हैं।
उन्होंने बताया कि धनबाद जिले में आधे से अधिक उपभोक्ता अपना केवाईसी पूरा कर चुके हैं, जबकि शेष उपभोक्ताओं से जल्द प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया गया है। सरकार के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी गैस एजेंसियां विशेष अभियान चला रही हैं।
शांतनु चंद्रा ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कई गैस कंपनियों ने डोर-टू-डोर KYC अभियान भी शुरू किया है। कंपनी के प्रतिनिधि घर-घर जाकर उपभोक्ताओं का केवाईसी कर रहे हैं। वहीं जो ग्राहक फिलहाल धनबाद से बाहर रह रहे हैं, उनसे भी जल्द से जल्द केवाईसी कराने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में गैस सेवा प्रभावित न हो।
प्रेस वार्ता में राधेश्याम, देवशरण महतो, रौशन सिन्हा, दिलीप शर्मा सहित अन्य गैस एजेंसी प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने उपभोक्ताओं से समय रहते केवाईसी पूरा कर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने की अपील की।
















