बोकारो: बेरमो थाना क्षेत्र के ढ़ोरी पांच नंबर धौड़ा से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। आरोप है कि भीड़ द्वारा की गई मारपीट में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान अनीता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
मृतका के पति महेश कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी कोयला लेकर लौट रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते भीड़ ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि गंभीर पिटाई के कारण अनीता देवी की मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार को पंडित दीनदयाल चौक के समीप शव को सड़क पर रखकर फुसरो-डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद बेरमो थाना, गांधीनगर थाना और नावाडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। कई घंटों तक सड़क जाम रहने के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला कथित तौर पर अवैध कोयला कारोबार से जुड़ा हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में अवैध कोयले के कारोबार पर रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।














