धनबाद: सामाजिक सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बरनवाल युवा मंच धनबाद को सम्मानित किया गया। समर्पण एक नेक पहल, धनबाद की 6वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर सह रक्तदाता सम्मान समारोह में मंच को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में बरनवाल युवा मंच धनबाद के अध्यक्ष मनोज कुमार बरनवाल, प्रदीप कुमार बरनवाल एवं दिलीप बरनवाल उपस्थित रहे। संस्था की ओर से रक्तदान के क्षेत्र में मंच द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई।
इस अवसर पर मंच के अध्यक्ष मनोज कुमार बरनवाल ने समर्पण एक नेक पहल के संस्थापक सह अध्यक्ष दीपेश चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे संगठन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से समाज सेवा और रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने समर्पण एक नेक पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार रक्तदान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्था भविष्य में भी इसी समर्पण भाव से कार्य करते हुए धनबाद ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगी।
कार्यक्रम में रक्तदाताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया तथा रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
















