धनबाद: झारखंड विधानसभा की विशेष समिति (प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण) की बैठक में मंगलवार को ओवर बर्डन (ओबी) डंपिंग और भूमि से जुड़े विभिन्न मामलों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति एवं टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने की। बैठक में सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया तथा उपायुक्त आदित्य रंजन समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान बीसीसीएल के एरिया-9, 10 और 11 में सरकारी, वन एवं रैयतों की जमीन पर डंप किए गए ओवर बर्डन की मापी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त आदित्य रंजन ने ड्रोन-बेस्ड टेक्नोलॉजी से भूमि मापी का प्रस्ताव रखा, जिसे समिति ने स्वीकृति दे दी।
उपायुक्त ने बताया कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से हाई-डेंसिटी 3डी डेटा और इमेज कैप्चर कर अत्यंत सटीक डिजिटल टेरेन मॉडल तथा टोपोग्राफिकल मैप तैयार किया जा सकेगा। इसके लिए आईआईटी (आईएसएम) धनबाद से समन्वय स्थापित कर कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में बीसीसीएल ने भी सहमति जताई कि यदि सरकारी, वन या रैयती भूमि पर ओवर बर्डन डंप किया गया है तो नियमानुसार उसका भुगतान किया जाएगा।
समिति ने मैथन पावर लिमिटेड द्वारा निरसा क्षेत्र तथा टाटा कोलियरी द्वारा सिजुआ और भेलाटांड़ में कथित रूप से उपयोग की गई सरकारी भूमि की भी मापी कराने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने एफसीआई द्वारा आरसीडी सड़क पर टोल वसूली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि गोविंदपुर-बलियापुर-सिंदरी मार्ग एवं अन्य सड़क खंडों पर एफसीआई द्वारा वाहनों से टोल वसूला जा रहा है। इस पर समिति ने विस्तृत जांच कराने का निर्देश दिया कि किस आधार पर टोल वसूली की जा रही है।
इसके अलावा समिति ने भूमि से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, रैयतों की वंशावली एवं पारिवारिक सूची से संबंधित आवेदनों का त्वरित निपटारा करने तथा बकाया मुआवजा मामलों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा, डीएलएओ राम नारायण खालको, डीएसपी कुमार विनोद, बीसीसीएल के निदेशक (तकनीकी संचालन) संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
















