देवघर: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करौं थाना क्षेत्र के डुमरथरा गांव निवासी संतोष कुमार दास (36), शेखर कुमार दास (22) तथा मधुपुर थाना क्षेत्र के नवापतरो निवासी सुमन कुमार दास (22) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी स्वयं को Flipkart, Amazon, PhonePe, Google Pay, Paytm, IRCTC और Airtel Payments Bank के कस्टमर केयर अधिकारी या प्रतिनिधि बताकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद विभिन्न बहानों से लोगों की निजी और वित्तीय जानकारी हासिल कर उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी पीएम किसान योजना का लाभ दिलाने, आसान लोन उपलब्ध कराने और आकर्षक कैशबैक ऑफर का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा वे फोनपे गिफ्ट कार्ड बनवाकर उसे रिडीम कर रकम हड़प लेते थे। एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से बैंकिंग समस्याओं का समाधान करने के नाम पर भी लोगों से ठगी की जाती थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, पांच डेबिट कार्ड और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त सामानों की जांच की जा रही है ताकि साइबर ठगी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक की जांच में आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि ठगी के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, बैंक खाता विवरण, डेबिट कार्ड जानकारी या डिजिटल भुगतान संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
















