धनबाद: धनबाद रेल मंडल में बेटिकट यात्रा और रेलवे नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 86 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के आरोप में पकड़ा गया।
अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार (अथॉरिटी) के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक कराए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। रेलवे अधिकारियों ने सभी मामलों की जांच के बाद संबंधित यात्रियों से जुर्माना वसूला।
इस विशेष जांच अभियान में कुल 38,780 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। रेलवे प्रशासन ने पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में नियमों का पालन करते हुए वैध टिकट के साथ यात्रा करने की सख्त हिदायत भी दी।
टिकट जांच टीमों ने केवल स्टेशन परिसर ही नहीं, बल्कि विभिन्न मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बेटिकट यात्रियों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान धनबाद स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई यात्रियों ने जांच अभियान की जानकारी मिलने के बाद तत्काल टिकट खरीदकर यात्रा करना उचित समझा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और राजस्व संरक्षण को ध्यान में रखते हुए आगे भी इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान जारी रहेंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें।
















