भागलपुर: भागलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित डीएन सिंह रोड में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक उचक्का बच्चे के गले से लॉकेट काटते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार नाथनगर निवासी रीना देवी अपने बच्चे के साथ खरीदारी करने डीएन सिंह रोड पहुंची थीं। इसी दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर एक उचक्के ने बच्चे के गले में पहना हुआ लॉकेट काटकर भागने की कोशिश की। हालांकि आसपास मौजूद लोगों की नजर उसकी हरकत पर पड़ गई।
लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। उचक्का के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना तत्काल कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे थाना ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पीड़िता रीना देवी ने बताया कि वह अपने बच्चे के साथ खरीदारी कर रही थीं, तभी आरोपी ने भीड़ का फायदा उठाकर बच्चे के गले से लॉकेट काटने की कोशिश की। लोगों की सतर्कता के कारण आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।
















