रांची: रांची जिले के पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित कोकदोरो फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में आरोपी शोएब अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद की है।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी अफसर अंसारी द्वारा फिरोज अंसारी पर गोली चलाने के बाद शोएब अंसारी ने हथियार छिपाने और आरोपी को फरार होने में मदद की थी। इसी आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की गई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी अफसर अंसारी पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है। सरेंडर के बाद पुलिस ने उसे तीन दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान मिली अहम जानकारियों के आधार पर शोएब अंसारी की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हत्या के एक मामले में गवाह रहे फिरोज अंसारी को रास्ते से हटाने की नीयत से अफसर अंसारी ने उस पर फायरिंग की थी। पुलिस इस घटना को पूर्व नियोजित साजिश के तौर पर भी जांच रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी अफसर अंसारी के खिलाफ पहले से चार से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
ग्रामीण एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जा सकता है।
















