, ,

झरिया में ओबी डंपिंग को लेकर हंगामा, घायल ग्रामीण ने सुनाई आपबीती

JP Bharat Shareझरिया: झरिया के घनुडीह चीनकोठी बस्ती से सटे क्षेत्र में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग के विस्तार को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। बस्ती के समीप ओवरबर्डन (ओबी) डंपिंग का विरोध कर रहे ग्रामीणों और कंपनी समर्थकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और फायरिंग के आरोप सामने आए। घटना के बाद…

JP Bharat Share

झरिया: झरिया के घनुडीह चीनकोठी बस्ती से सटे क्षेत्र में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग के विस्तार को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। बस्ती के समीप ओवरबर्डन (ओबी) डंपिंग का विरोध कर रहे ग्रामीणों और कंपनी समर्थकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और फायरिंग के आरोप सामने आए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी द्वारा बस्ती के निकट ओबी डंपिंग की जा रही थी, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। विरोध के दौरान करीब 30 लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मारपीट की। ग्रामीणों का कहना है कि लोगों को डराने और विरोध को दबाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की गई।

घटना में कई लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। ग्रामीण सुनील कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उनका हाथ टूट गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण केवल बस्ती के समीप ओबी डंपिंग का विरोध कर रहे थे, लेकिन उन्हें बलपूर्वक हटाने का प्रयास किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के मेयर संजीव सिंह तथा घनुडीह ओपी की टीम मौके पर पहुंची। मेयर ने ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की स्पष्ट आपत्ति के बावजूद बस्ती के समीप ओबी डंपिंग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने मारपीट और फायरिंग की शिकायत की है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

मेयर ने स्पष्ट कहा कि जब तक प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर समाधान नहीं निकाल लिया जाता, तब तक विवादित स्थल पर ओबी डंपिंग अथवा किसी भी नए कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के निकट ओबी डंपिंग से पर्यावरण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के संबंध में सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports