धनबाद: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के कार्यों में लापरवाही और निर्वाचन कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में धनबाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लोकेश बारंगे ने राजकीय मध्य विद्यालय, पुटकी के प्रभारी प्रधानाध्यापक भागीरथ कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने बताया कि उन्होंने सोमवार को सुबह लगभग 11:45 बजे मतदान केंद्र संख्या-409, मध्य विद्यालय पुटकी (नया भवन, पूर्वी भाग) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद पाया गया।
उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिन विद्यालयों में मतदान केंद्र संचालित हैं, उनके गेट खुले रखे जाएं ताकि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) वहां बैठकर एसआईआर-2026 से जुड़े कार्यों का सुचारू रूप से निष्पादन कर सकें।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि विद्यालय का गेट बंद रहने के कारण मतदान केंद्र संख्या-409 की बीएलओ को मजबूरन पास स्थित उच्च विद्यालय, पुटकी में बैठकर निर्वाचन संबंधी कार्य करना पड़ रहा था। इस व्यवस्था के कारण संबंधित मतदान क्षेत्र के मतदाताओं को भी आवश्यक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
एसडीएम ने इसे निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण और राष्ट्रीय महत्व के कार्य में गंभीर लापरवाही माना है। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक से पूछा है कि किन परिस्थितियों में उनके द्वारा मतदान केंद्र स्थित विद्यालय का गेट बंद रखा गया और निर्वाचन कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि नोटिस प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाए। यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो मामले की रिपोर्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को भेजी जाएगी और संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या बाधा को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
















