धनबाद: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के भुइफोड़ स्थित आपणो घर परिसर में एक युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार असम की रहने वाली युवती अपनी सहेलियों के साथ घूमने के लिए धनबाद आई थी। इसी दौरान धनबाद रेलवे स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गई। आरोप है कि इस स्थिति का फायदा उठाकर राजू कुमार साव नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर भुइफोड़ स्थित आपणो घर परिसर ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे परिसर के एक खाली फ्लैट में ले गया, जहां उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया गया। किसी तरह युवती वहां से निकलकर शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस के अनुसार आरोपी धनबाद के बरमसिया क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी को फ्लैट तक पहुंचने की अनुमति कैसे मिली। मामले में फ्लैट मालिक और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़िता घटना के बाद मानसिक रूप से काफी आहत है, जिसके कारण उसका विस्तृत बयान अभी दर्ज नहीं किया जा सका है। उसका मोबाइल फोन भी खो गया है, जिससे परिजनों से संपर्क स्थापित करने में कठिनाई हो रही है।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता का बयान दर्ज होने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच जारी है।
















