महुदा (धनबाद): महुदा थाना क्षेत्र के भुरंगिया निवासी हलीम शेख हत्याकांड का धनबाद पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश मृतक के अपने ही बेटे ने रची थी। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल ने महुदा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्या में शामिल शेख शाहबाज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी तारगा पंचायत के माथाटांड़ का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक के दूसरे बेटे शेख इश्तेहार ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक जमीन और संपत्ति विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
गौरतलब है कि हलीम शेख की हत्या की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना को लेकर लोगों में कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि धनबाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार करने वाली इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
















