धनबाद: धनसार स्थित राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर में जिला मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शैक्षणिक, खेल, कला, संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष चेतन गोयनका ने बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक वर्ष प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 150 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और ऐसे कार्यक्रम युवाओं को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
समारोह में शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, संस्कृति, पर्यावरण और सोशल मीडिया जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 9 राइजिंग स्टार्स को भी सम्मानित किया गया।
प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेश रिटोलिया ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उन्हें खेल, कला, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर सम्मानित प्रतिभाओं ने भी अपनी उपलब्धियों और अनुभवों को साझा किया। सम्मान प्राप्त करने वाली सिद्धि हेलीवाल ने इस सम्मान को अपने लिए प्रेरणादायक बताते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला। आयोजन के माध्यम से शिक्षा और प्रतिभा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
















