धनबाद: जिले के रामकनाली ओपी क्षेत्र में देर रात हुई बमबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने कृषि बाजार कर्मी कमलेश्वर बेलदार के घर को निशाना बनाते हुए बम फेंका, जिससे घर का मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक हुए तेज धमाके से पूरा इलाका गूंज उठा। धमाके की आवाज सुनकर कमलेश्वर बेलदार और उनके परिवार के सदस्य घबरा गए। कुछ देर बाद जब वे बाहर निकले तो घर के मुख्य दरवाजे के पास नुकसान दिखाई दिया, जबकि हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
भुक्तभोगी कमलेश्वर बेलदार ने बताया कि उनका किसी राजनीतिक गतिविधि, विवाद या अवैध कारोबार से कोई संबंध नहीं है। ऐसे में उनके घर को निशाना बनाए जाने के पीछे क्या कारण है, यह समझ से परे है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
इधर, कमलेश्वर बेलदार की लिखित शिकायत के आधार पर रामकनाली ओपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
















