धनबाद: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर शनिवार को दामोदरपुर पंचायत भवन में “न्याय आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों तक न्यायिक सेवाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजयकांत श्रीवास्तव एवं जे. जननी ने ग्रामीणों के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ऑन-द-स्पॉट उपलब्ध कराया। इस अवसर पर पात्र लाभुकों को अबुआ आवास योजना, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, लेबर कार्ड सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया तथा कई लाभुकों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
न्यायिक पदाधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन एवं न्यायपालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और उपलब्ध योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पंचायत स्तर पर आयोजित इस प्रकार के शिविरों की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल जाता है।
इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पीयूष कुमार, मुखिया कमली हांसदा, उपमुखिया राजेश शर्मा, पंचायत सचिव चंदा कुमारी, वार्ड सदस्य सुनीजन हांसदा, बीपीआरओ मधुसूदन पासवान, पैरालीगल वॉलेंटियर हेमराज चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं डीएलएसए के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविरों के आयोजन की मांग की, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं और न्यायिक सेवाओं का लाभ पहुंच सके।
















