झरिया, धनबाद: झरिया थाना क्षेत्र के सुराटांड स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर से पीतल का कलश और नाग देवता की प्रतिमा चोरी होने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा चोरी गए सामान को भी बरामद कर लिया है।
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो और झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 जून की शाम मंदिर के शिखर पर स्थापित पीतल का कलश और नाग देवता की प्रतिमा चोरी कर ली गई थी। घटना के संबंध में मंदिर समिति के सदस्य द्वारा झरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर चोरी गए पीतल के कलश, नाग प्रतिमा तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए उपकरण और वाहन को भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद सामान में पीतल का कलश, नाग प्रतिमा, एक लोहे का औजार तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और इस प्रकार की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















