कुमारधुबी:मंगलवार शाम हुई तेज बारिश के कारण कुमारधुबी स्थित झिलिया पुल निर्माण स्थल पर बनाया गया अस्थायी डायवर्सन धंस गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। डायवर्सन धंसने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण करा रहे संवेदक ने डायवर्सन की मजबूती और सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं की थी। उनका कहना है कि बारिश के बाद डायवर्सन धंस जाने के बावजूद संवेदक की ओर से तत्काल मरम्मत का कोई प्रयास नहीं किया गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
संवेदक की कथित लापरवाही से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डायवर्सन की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन बहाल करने की मांग की। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक डायवर्सन को मजबूत और सुरक्षित नहीं बनाया जाएगा, तब तक इस तरह की घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद संवेदक के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त डायवर्सन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कर दिया गया, जिससे धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
















