,

DhanbadNews:क्लस्टर सिस्टम के विरोध में अभाविप का प्रदर्शन, पी.के. रॉय मेमोरियल कॉलेज की प्राचार्या को सौंपा ज्ञापन

JP Bharat Shareधनबाद: झारखंड में प्रस्तावित क्लस्टर सिस्टम के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप) ने छात्रहित की आवाज बुलंद करते हुए शुक्रवार को पी.के. रॉय मेमोरियल कॉलेज, धनबाद की प्राचार्या को ज्ञापन सौंपा। परिषद् ने क्लस्टर सिस्टम को विद्यार्थियों के हितों के विपरीत बताते हुए इसे लागू नहीं करने की मांग की तथा…

JP Bharat Share

धनबाद: झारखंड में प्रस्तावित क्लस्टर सिस्टम के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप) ने छात्रहित की आवाज बुलंद करते हुए शुक्रवार को पी.के. रॉय मेमोरियल कॉलेज, धनबाद की प्राचार्या को ज्ञापन सौंपा। परिषद् ने क्लस्टर सिस्टम को विद्यार्थियों के हितों के विपरीत बताते हुए इसे लागू नहीं करने की मांग की तथा प्राचार्या से विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित उच्च अधिकारियों को इसके विरोध में अपनी अनुशंसा भेजने का आग्रह किया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अभाविप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विक्की ठाकुर ने कहा कि परिषद् हमेशा से राष्ट्रहित, छात्रहित और समाजहित के मुद्दों पर सक्रिय रही है। उन्होंने कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने से विद्यार्थियों को शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर कई परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इससे छात्रों का समय और आर्थिक बोझ बढ़ेगा, वहीं दूर-दराज़ से आने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, की कठिनाइयाँ भी बढ़ेंगी। उन्होंने आशंका जताई कि इस व्यवस्था से महाविद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

कॉलेज अध्यक्ष करीना कुमारी और कॉलेज मंत्री श्यामली आनंद ने भी क्लस्टर सिस्टम का विरोध करते हुए कहा कि यह व्यवस्था छात्रों के हितों के अनुकूल नहीं है। उन्होंने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित को प्राथमिकता देते हुए इस प्रस्ताव को तत्काल वापस लेने की मांग की।

अभाविप ने अपने ज्ञापन में प्राचार्या से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए क्लस्टर सिस्टम के विरोध में अपनी अनुशंसा संबंधित विश्वविद्यालय और उच्च अधिकारियों को भेजें, ताकि इस व्यवस्था को लागू होने से रोका जा सके।

परिषद् ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों की मांगों की अनदेखी करते हुए क्लस्टर सिस्टम लागू किया गया, तो अभाविप छात्रहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर अमित तिवारी, कार्यालय मंत्री विक्की झा, कॉलेज उपाध्यक्ष सहित अभाविप के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे और छात्रहित की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports