धनबाद: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम की सरकारी बोलेरो ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में एक पुलिस जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन क्षेत्र में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी करने गई थी। कार्रवाई के बाद टीम सरकारी बोलेरो से वापस लौट रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में रामलखन यादव (50 वर्ष) की मौके पर ही शहादत हो गई। वहीं नरेश यादव, ग्रीन पासवान और वाहन चालक गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टीम छापेमारी अभियान पूरा कर लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















