धनबाद: जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) की कार्यशैली और मजदूर हितों के प्रति किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर रविवार को मुनीडीह क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने संगठन की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान नए सदस्यों ने संगठन की अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह तथा महामंत्री अभिषेक सिंह के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में जितेश कुमार सिंह, राजकुमार नापित, अमिताभ सिंह, अवध पासवान, लक्ष्मी पासवान, राजेंद्र नोनिया, राजीव कुमार, के.आर. कांति भारती, शंभू कुमार और विनोद सिंह सहित मुनीडीह क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
इस अवसर पर जनता मजदूर संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह ने सभी नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संगठन में शामिल होने वाले प्रत्येक साथी का सम्मान किया जाएगा और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए जनता मजदूर संघ पूरी प्रतिबद्धता और मजबूती के साथ कार्य करता रहेगा।
अभिषेक सिंह ने कहा कि संगठन की जनहितकारी नीतियों और मजदूरों के प्रति समर्पित कार्यशैली के कारण लगातार विभिन्न क्षेत्रों के लोग जनता मजदूर संघ से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा मजदूरों की आवाज को और प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों ने संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने, मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया। सदस्यता ग्रहण समारोह के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
















