धनबाद: कोयला राजधानी धनबाद के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर मंगलवार को धनबाद विकास मंच के तत्वावधान में रणधीर वर्मा चौक पर विशाल जनसभा एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर धनबाद के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की।
सभा के दौरान मंच ने सरकार और प्रशासन के समक्ष 23 सूत्री मांग-पत्र प्रस्तुत किया। इसमें रेल, हवाई सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, रोजगार, सड़क, खेल, आईटी, ट्रैफिक व्यवस्था और शहरी आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए गए।
मंच ने धनबाद से मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली, चेन्नई तथा रांची-कटिहार के लिए नई ट्रेनों का परिचालन शुरू करने, धनबाद-वाराणसी और धनबाद-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने तथा तोपचांची में एयरपोर्ट निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई।
इसके अलावा सेंट्रल अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के विस्तार कार्य में तेजी लाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने की मांग भी रखी गई।
सभा में वक्ताओं ने धनबाद में आईटी पार्क को शीघ्र चालू करने, नए उद्योग स्थापित कर रोजगार के अवसर बढ़ाने, आधुनिक ट्रॉमा सेंटर बनाने, कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान लागू करने, रिंग रोड परियोजना शुरू करने, आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा बनाए गए कृत्रिम पहाड़ों के समतलीकरण तथा सोलर प्लांट की स्थापना जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर धनबाद के विकास के समर्थन में नारे लगाए। मंच के प्रतिनिधियों का कहना था कि देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने के बावजूद धनबाद विकास के कई क्षेत्रों में अपेक्षित सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में मेयर संजीव सिंह, विधायक सरयू राय, विधायक अरूप चटर्जी, विधायक चंद्रदेव महतो, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सभी ने धनबाद के समग्र विकास के लिए मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।
















