धनबाद: झरिया पुनर्वास क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई दिशा देने की पहल के तहत बीसीसीएल (BCCL), झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) और राजधानी यूनिवर्सल फैब्रिक्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच नई दिल्ली में त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत बेलगड़िया में एक आधुनिक एकीकृत तकनीकी वस्त्र (टेक्सटाइल) विनिर्माण इकाई स्थापित की जाएगी।
प्रस्तावित टेक्सटाइल उद्योग से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र के युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उन्हें आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार योग्य बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसी अवसर पर बीसीसीएल, जेआरडीए और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बीच एक अन्य समझौता भी हुआ। इसके तहत उद्योग-संबद्ध कौशल विकास केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां धनबाद और आसपास के युवाओं को परिधान एवं टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण दिए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षित युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की विनिर्माण इकाइयों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
इस पहल को झरिया पुनर्वास क्षेत्र में औद्योगिक विकास, कौशल संवर्धन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि उद्योग और कौशल विकास के इस समन्वित प्रयास से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
















