धनबाद: झारखंड में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठे विवादों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धनबाद ग्रामीण इकाई ने शुक्रवार को गोविंदपुर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आए मुद्दों पर कांग्रेस दोहरा रवैया अपना रही है। प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के हितों की रक्षा की मांग उठाई।
इस विरोध प्रदर्शन में सिंदरी की भाजपा नेत्री तारा देवी एवं धनबाद जिला ग्रामीण मंत्री डॉ. निशी महतो भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है तथा योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि युवाओं के अधिकारों और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था को लेकर पार्टी अपनी आवाज उठाती रहेगी।
















