धनबाद: धनबाद रेल मंडल के ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन (गोमो) पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाई गई लिफ्ट कई दिनों से बंद पड़ी है। इससे खासकर बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, ओवरब्रिज के दक्षिणी छोर पर लगी लिफ्ट लंबे समय से खराब है। इसी बीच एक दिव्यांग महिला को प्लेटफॉर्म संख्या 3 और 4 तक पहुंचाने के लिए उसके परिजनों को उसे गोद में उठाकर सीढ़ियों से ले जाना पड़ा। बताया गया कि महिला अपने परिवार के साथ गोमो से जारंगडीह जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी।
लिफ्ट बंद होने के कारण परिजनों को मजबूरन ओवरब्रिज की सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ा। सीढ़ियां चढ़ने के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और सांस फूलने लगी। इसके बाद परिजनों ने बारी-बारी से उन्हें गोद में उठाकर प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया।
इस घटना के बाद स्टेशन पर दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि लंबे समय से लिफ्ट खराब रहने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यात्रियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़ी लिफ्ट को जल्द से जल्द दुरुस्त कर चालू कराया जाए, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगों और अन्य जरूरतमंद यात्रियों को राहत मिल सके।
















