गोविंदपुर: बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर द्वारा संचालित “लायंस क्लब मार्शल आर्ट्स गर्ल्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट” की प्रथम प्रशिक्षण कक्षा का शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ किया गया। इस पहल को समाज से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और अब तक 100 से अधिक बालिकाओं ने प्रशिक्षण के लिए अपना पंजीकरण कराया है।
लायंस क्लब की ओर से बताया गया कि यह प्रशिक्षण प्रत्येक शनिवार को पूर्णतः नि:शुल्क आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बेटियां आत्मरक्षा की कला सीखकर आत्मविश्वासी और सुरक्षित बन सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत क्लब के अध्यक्ष लायन ईसा शमीम, सचिव लायन राकेश कुमार, कार्यक्रम प्रमुख लायन नूपुर जायसवाल, प्रशासक लायन राजेश जायसवाल तथा पूर्व अध्यक्ष लायन अनुराग प्रदीप का गुलाब का पुष्प और बैज (रोज़ बटन) भेंट कर स्वागत के साथ हुई।
प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ कोच रंजीता कुमारी एवं कार्यक्रम प्रभारी शिवा कुमार महतो ने किया। पहले दिन बालिकाओं को आत्मरक्षा की प्रारंभिक तकनीकों का अभ्यास कराया गया। साथ ही उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक फिटनेस और आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष लायन ईसा शमीम ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक बेटी का आत्मरक्षा में प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि बेटियों में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में अपनी बेटियों को इस नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं उपस्थित अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक और समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से बालिकाएं न केवल आत्मरक्षा सीखेंगी, बल्कि मानसिक और शारीरिक रूप से भी अधिक मजबूत बनेंगी।
















