,

मधुबन के ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई में हर कदम पर साथ खड़े रहेंगे : मेयर संजीव सिंह

JP Bharat Shareधनबाद: धनबाद के मधुबन क्षेत्र में मधुबन बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित जनसभा में धनबाद के मेयर संजीव सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और बीसीसीएल द्वारा कथित विस्थापन, मुआवजा, पुनर्वास तथा अन्य अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। जनसभा को…

JP Bharat Share

धनबाद: धनबाद के मधुबन क्षेत्र में मधुबन बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित जनसभा में धनबाद के मेयर संजीव सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और बीसीसीएल द्वारा कथित विस्थापन, मुआवजा, पुनर्वास तथा अन्य अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

जनसभा को संबोधित करते हुए मेयर संजीव सिंह ने कहा कि मधुबन के ग्रामीणों की समस्याएं केवल स्थानीय मुद्दा नहीं हैं, बल्कि उनके अधिकार, सम्मान और आजीविका से जुड़ा गंभीर विषय हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में ग्रामीणों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और उनके न्यायोचित अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर मजबूती से लड़ी जाएगी।

मेयर ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे जल्द ही बीसीसीएल के महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात कर ग्रामीणों की समस्याओं, उचित मुआवजा, पुनर्वास और अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो बीसीसीएल के सीएमडी से भी मिलकर इस पूरे मामले का समाधान कराने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर किसी भी व्यक्ति के अधिकारों का हनन स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रभावित लोगों को नियमानुसार उचित मुआवजा, पुनर्वास और अन्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए वे प्रशासन और बीसीसीएल के समक्ष ग्रामीणों की आवाज पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे।

जनसभा में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखते हुए मेयर से न्याय दिलाने की अपील की। मेयर संजीव सिंह ने सभी को भरोसा दिलाया कि समाधान होने तक वे ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और उनके अधिकारों की लड़ाई में हरसंभव सहयोग करेंगे।

कार्यक्रम में मधुबन बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर प्रभावित परिवारों के अधिकारों की रक्षा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports