चिरकुंडा/धनबाद : झारखंड प्रदेश अंबेडकर मंच ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए चिरकुंडा निवासी आदिल खान को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन की ओर से उन्हें झारखंड प्रदेश का “प्रदेश संगठन मंत्री” नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद उनके समर्थकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
मंच के प्रदेश अध्यक्ष मुरली तुरी द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि आदिल खान लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। समाज के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आदिल खान ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज को मजबूती देने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और युवाओं को सामाजिक जागरूकता से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही समाज में शिक्षा, समानता और अधिकारों को लेकर लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आदिल खान को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।














