आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में निवेश के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि इस मामले में करीब 80 से 90 करोड़ रुपये की ठगी हुई है और 10 से 12 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।
पीड़ितों के मुताबिक, एक उत्पाद आधारित कंपनी ने शुरुआत में निवेशकों को रिटर्न दिया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा। इसके बाद मॉल खोलने और कारोबार का विस्तार करने के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा कराई गई। आरोप है कि पूजा से पहले कंपनी के कार्यालय बंद हो गए और संचालकों के मोबाइल फोन भी बंद मिलने लगे।
बताया गया है कि कंपनी का नेटवर्क आसनसोल, रूपनारायणपुर और कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल तथा झारखंड के कई इलाकों में फैला हुआ था। निवेशकों ने बैंक ट्रांसफर, चेक, यूपीआई और आरटीजीएस के जरिए पैसे जमा किए थे।
मंगलवार को पीड़ितों ने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और मामले में कार्रवाई की मांग की। ठगी की कुल राशि और प्रभावित लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
















