धनबाद में जमीन विवाद ने खूनी रूप लिया. चाचा ने भतीजे दौलत राम महतो की तलवार से निर्मम हत्या कर दी. दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने हथियार और खून से सनी टी-शर्ट जब्त की.
धनबाद. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की बिराजपुर पंचायत के निचितपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दौलत राम महतो (35) की हत्या के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया. आरोपियों की पहचान मृतक के चाचा प्रो. त्रिवेणी महतो (52) और उनके भाई सूर्यकांत महतो उर्फ बिनोद महतो के रूप में हुई है. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी
तलवार से हमला करने का आरोप
सिटी एसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को घटना की वजह बताया गया है. पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी अपने चचेरे भाई के परिवार पर हमला करने की नीयत से हथियार लेकर घर से निकले थे. इसी दौरान रास्ते में दौलत राम महतो मिल गया. पुलिस के मुताबिक, उसे देखकर दोनों आरोपियों ने उस पर तलवार से हमला कर दिया.
पुलिस के अनुसार, हमले में दौलत राम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद आरोपियों ने तलवार से उसका गला काट दिया. घटना के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है.
डोभा से बरामद हुई तलवार
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गयी तलवार मृतक के घर के पीछे स्थित डोभा से बरामद करने की बात कही है. इसके अलावा एक आरोपी की खून से सनी टी-शर्ट, दो मोबाइल फोन और एक बाइक भी जब्त की गयी है. पुलिस इन सामानों को जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य मान रही है.
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार को जेल भेज दिया गया. मामले में पुलिस की आगे की जांच और बरामद सामानों की जांच से जुड़े तथ्यों का इंतजार है.
















