बीरभूम (पश्चिम बंगाल): जिले के नानूर थाना क्षेत्र के साओता गांव में बरामद 15 से 20 बमों को शुक्रवार दोपहर बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया। पुलिस की निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह कार्रवाई की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात गुप्त सूचना के आधार पर नानूर थाना पुलिस ने गांव में छापेमारी की थी। इस दौरान तालाब के किनारे कब्रिस्तान से सटे इलाके में बम बरामद किए गए। बताया गया कि इन्हें जमीन के अंदर प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर रखा गया था।
आबादी के नजदीक इतनी बड़ी संख्या में बम मिलने से इलाके में चिंता का माहौल है। हालांकि, इन्हें किसने और किस उद्देश्य से वहां रखा था, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
पुलिस बमों के स्रोत और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है।
















