बलियापुर (धनबाद): बेलगड़िया विस्थापित कॉलोनी में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। JRDA के प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए सरकारी जमीन खाली कराने के दौरान JCB से कई घरों और दुकानों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो, अंचल अधिकारी मुरारी नायक और बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए अपनी आपत्तियां भी रखीं।
अंचल अधिकारी मुरारी नायक के अनुसार, कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस दिया गया था और पर्याप्त समय भी दिया गया था। वहीं, प्रभावित लोगों ने नोटिस मिलने से इनकार किया है। उनका कहना है कि घर और दुकानें टूटने से उनके सामने रहने और आजीविका की समस्या खड़ी हो गई है।
कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
















