भागलपुर:
भागलपुर में भरत तिवारी की मृत्यु से जुड़े मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर शहर में मंगलवार शाम एक शांतिपूर्ण कैंडल मार्च आयोजित किया गया। घंटाघर चौक से शुरू हुआ यह मार्च स्टेशन चौक तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्वक अपनी मांग रखी। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने तथा तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था पर लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि कानून के दायरे में रहकर मामले की जांच की जाए और यदि जांच में किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की भी मांग की गई।
इस अवसर पर शुभम तिवारी, नितेश चौबे, भास्कर तिवारी, नीरज चौधरी, अभिषेक रॉय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।
















