धनबाद/पुटकी:
पुटकी क्षेत्र स्थित गोपालीचक कोयला डंप में डीओ (Delivery Order) के तहत कोयला उठाव को लेकर रविवार को उत्पन्न विवाद के बाद सोमवार को एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया। विवाद के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
जानकारी के अनुसार, समय पर गुणवत्तापूर्ण कोयला उपलब्ध नहीं होने के कारण कोयला उठाव को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। सूचना मिलने पर धनबाद डीएसपी प्रकाश सोय, पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बीसीसीएल के पीबी एरिया के महाप्रबंधक जी.सी. साहा समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन ने संबंधित पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराया।
बीसीसीएल अधिकारियों के अनुसार, कोयले की समय पर उपलब्धता नहीं होने के कारण विवाद उत्पन्न हुआ था। बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो गई है। साथ ही डीओ के नवीनीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल डंप परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
















