भागलपुर: जिले में 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। सदर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर किया।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं कई बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचाना बेहद आवश्यक है और इस अभियान की सफलता में आम लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
डीएम अलंकृता पांडे ने बताया कि यह विशेष अभियान 28 जून से 2 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अभियान की निगरानी के लिए जिला प्रशासन की ओर से 24 घंटे कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। यदि किसी क्षेत्र में स्वास्थ्य कर्मी नहीं पहुंचते हैं, तो संबंधित परिवार कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं, जिसके बाद तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, सदर अस्पताल प्रभारी डॉ. राजू, अस्पताल प्रबंधक आशुतोष कुमार सहित कई चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें और भागलपुर को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
















