भागलपुर: भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत गनगनिया पंचायत में बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार माह के अंतिम पंचायत विकास दिवस का आयोजन रंगमंच कार्यशाला परिसर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया रजनी देवी ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के प्रसारण को सुनने के साथ हुई, जिसके बाद ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायतवासियों को केंद्र एवं बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
मुखिया रजनी देवी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें उनका लाभ दिलाना है। कार्यक्रम में महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए एसएचजी (जीविका समूह) के माध्यम से स्वरोजगार के अवसरों और आत्मनिर्भर बनने के उपायों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा अधिक से अधिक लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में वार्ड प्रतिनिधि रविश यादव, पंचायत सेवक अनिल कुमार सिंह, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रामनेपाल मंडल, सरपंच विजय कुमार दास, उपमुखिया मो. शिबरत, भाजपा नेता कुमार मंगलम, कार्यपालक सहायक अमरदीप कुमार, वार्ड सदस्य धनंजय कुमार, नोडल पदाधिकारी सुजीत सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा मुखिया प्रतिनिधि रामजी मंडल, हरिचंद्र मंडल, ओमप्रकाश पासवान, सरिता देवी, प्रियंका देवी, माधुरी देवी, सीमा देवी सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां, वार्ड सदस्य, पंचायत कर्मी एवं ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।
















