धनबाद: भारत विकास परिषद, धनबाद मुख्य शाखा की ओर से आईआईटी-आईएसएम के गोल्डन जुबली हॉल में शाखा स्तरीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छह स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत में राष्ट्रप्रेम से जुड़े गीत प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर अशोक नगर, मॉन्टफोर्ड एकेडमी आमाघाटा, मॉन्टफोर्ड एकेडमी राजगंज, सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल, डीवाई पाटिल स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर भूली के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
हिंदी और संस्कृत में हुई प्रतियोगिता
संस्कृत गायन वर्ग में राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर अशोक नगर ने प्रथम, डीवाई पाटिल स्कूल ने द्वितीय और सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं हिंदी गायन वर्ग में मॉन्टफोर्ड एकेडमी आमाघाटा प्रथम, सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय और राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर अशोक नगर तृतीय स्थान पर रहा।
दोनों वर्गों के संयुक्त अंकों के आधार पर राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, अशोक नगर को प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चुना गया। विद्यालय की टीम 4 अक्टूबर 2026 को हजारीबाग में आयोजित होने वाली प्रांतीय समूह गान प्रतियोगिता में धनबाद का प्रतिनिधित्व करेगी।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में लोबानी दत्ता, जयशंकर ठाकुर और कुशान सेनगुप्ता शामिल रहे। सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र दिए गए, जबकि विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भारत विकास परिषद धनबाद मुख्य शाखा के वरिष्ठ सदस्यों रमेश रिटोलिया, वासुदेव कड़ीवाल, सोम नाथ प्रूथी, दीपक गुप्ता, पवित्र तुलस्यान, अजय प्रसाद, शाखा अध्यक्ष किशन गोयल, संजय अग्रवाल, डॉ. ऋतुराज अग्रवाल और पंकज सिंह की भूमिका रही।
















