धनबाद: शारदीय नवरात्र को लेकर धनबाद में दुर्गापूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। भूली ए ब्लॉक स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा एवं काली पूजा समिति इस बार ‘मयूर श्वेत कमल’ थीम पर भव्य पूजा पंडाल तैयार करा रही है। करीब 20 लाख रुपये के कुल बजट वाले आयोजन में 80 फीट चौड़े और 60 फीट ऊंचे पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
45 फीट का विशाल सफेद मोर होगा खास आकर्षण
पंडाल के प्रवेश द्वार पर करीब 45 फीट ऊंची विशाल मयूर कलाकृति बनाई जा रही है। इसके अलावा दोनों ओर सात-सात सफेद मोर समेत कुल 15 मयूर कलाकृतियां तैयार की जा रही हैं।
पंडाल और आसपास की विद्युत सज्जा पर करीब 5.21 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं आसनसोल से आए सन-मून डेकोरेटर्स के कारीगर करीब 10.21 लाख रुपये की लागत से पंडाल और कलाकृतियों को तैयार कर रहे हैं। निर्माण में थर्मोकोल, फोम, शोला, बोरे की चट और लकड़ी की बीट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मां दुर्गा की प्रतिमा प्रसिद्ध मूर्तिकार दुलाल पाल तैयार कर रहे हैं, जिस पर करीब 55 हजार रुपये खर्च होने की बात समिति की ओर से बताई गई है।
पंचमी को डांडिया, षष्ठी पर नगर भ्रमण
पूजा के दौरान पंचमी के दिन महिलाओं के लिए विशेष डांडिया नाइट आयोजित की जाएगी। वहीं षष्ठी पूजा के अवसर पर मां जगदम्बा भवानी की भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली जाएगी।
भूली थाना मैदान में मेले का भी आयोजन होगा। यहां ब्रेक डांस, तारामाची, ड्रैगन झूला, मौत का कुआं और बच्चों के लिए विभिन्न झूले लगाए जाएंगे। इसके अलावा मीना बाजार में अलग-अलग तरह की दुकानें भी सजेंगी।
समिति ने सदस्यों को सौंपी जिम्मेदारी
पूजा आयोजन के लिए सुमित कुमार पासवान को अध्यक्ष, राजू सिंह को सचिव, कुमार हर्ष (गोलू) को कोषाध्यक्ष और अमरेन्द्र आर्या को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं सुमित यादव और चंद्रमौली शैलेंद्र को उपाध्यक्ष, उपेंद्र चौहान को सह सचिव तथा नीरज शर्मा और नीरज केशरी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। समिति के अन्य सदस्यों को भी आयोजन से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
















