धनबाद : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के जरिए किसी भी आपात स्थिति, भीड़ नियंत्रण, सांप्रदायिक तनाव और विधि-व्यवस्था की चुनौती से निपटने की तैयारियों को परखा गया।
मॉक ड्रिल के दौरान सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, डीएसपी मुख्यालय कुमार विनोद, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव, एसडीपीओ सिंदरी प्रकाश चंद्र महतो और सार्जेंट मेजर अवधेश कुमार समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जवानों को हर परिस्थिति में संयम और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अभ्यास के दौरान दंगा नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन का लाइव प्रदर्शन किया गया। पुलिस जवानों ने आंसू गैस के गोले दागने, लाठीचार्ज, वाटर कैनन संचालन, फायरिंग और त्वरित कार्रवाई का अभ्यास किया। साथ ही उपद्रवियों पर नियंत्रण और संवेदनशील परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल, क्यूआरटी और गश्ती दलों की तैनाती की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। डायल 112 की पेट्रोलिंग टीम भी लगातार सक्रिय रहेगी।
सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। कंट्रोल रूम और पुलिस केंद्र से पूरे जिले की गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर देने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धनबाद पुलिस ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ बकरीद मनाने की अपील की है।














