धनबाद : बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय गुरुद्वारा के सामने मौजूद चौधरी स्वीट्स में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे दुकान से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने घंटों प्रयास कर आग बुझाई।
दुकान संचालक बबलू ने बताया कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। उन्होंने कहा कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया और करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान में तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से आग लगी। लोगों ने आरोप लगाया कि दुकान के बाहर अवैध तरीके से बड़े-बड़े चूल्हे लगाए जाते हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान के ऊपर एक बुजुर्ग दंपति रहते हैं। यदि आग और फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने प्रशासन से ऐसे अवैध चूल्हों और सुरक्षा मानकों की जांच की मांग की है।
फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
















