धनबाद : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर सोमवार को सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम से व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च में डायल 112 की बाइक टीम, पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। इस दौरान शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त कर लोगों से शांति और भाईचारे के साथ बकरीद मनाने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने जगह-जगह स्थानीय लोगों और दुकानदारों से संवाद कर त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की बात कही। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था।
सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव ने कहा कि जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि आपत्तिजनक पोस्ट, भ्रामक सूचना या सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले संदेश साझा करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की विशेष टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि त्योहार के दौरान कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहेगा। साथ ही त्वरित कार्रवाई के लिए क्यूआरटी (Quick Response Team) और डायल 112 टीमों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
सिटी एसपी ने कहा कि धनबाद हमेशा से आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक रहा है और इस बार भी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से बकरीद मनाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर देने की अपील की।
















