बोकारो: नावाडीह थाना क्षेत्र में युवक कुलदीप कुमार महतो को गोली मारने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी कालू महतो को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देशी हथियार और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आर्थिक तंगी का हवाला देकर कुलदीप से पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर उसने युवक पर गोली चला दी थी।
बताया गया कि 7 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच यह घटना हुई थी। घायल युवक के आवेदन पर नावाडीह थाना में कांड संख्या 81/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेरमो एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
















