बोकारो: बोकारो पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से 1 जुलाई 2026 से 24 जुलाई 2026 के बीच कुल 118 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 जुलाई 2026 को सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
अपने लंबे समय से खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने बोकारो पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी सहायता से यह संभव हो सका।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल चोरी और गुमशुदगी से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान मोबाइल चोरी के तीन अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
बोकारो पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में कुल 489 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। यह अभियान लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने के साथ-साथ मोबाइल चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो वे बिना देरी किए अपने नजदीकी थाना में इसकी सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल को ब्लॉक, ट्रैक और बरामद करने में काफी मदद मिलती है तथा उसके दुरुपयोग को भी रोका जा सकता है।
बोकारो पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके गुम या चोरी हुए मोबाइल वापस मिल सकें और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
















