धनबाद: धनबाद पुलिस ने कतरास के चर्चित ब्लाइंड मर्डर केस का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में इस्तेमाल हथियार, मृतक का मोबाइल, एटीएम कार्ड, बाइक सहित कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की शाम सोरीटांड़-कौशलपुरम के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान बरवाअड्डा निवासी एवं बीसीसीएल कर्मी 57 वर्षीय जयराम मांझी के रूप में हुई। पुलिस ने पाया कि उनके सिर और चेहरे को पत्थर से कुचलकर हत्या की गई थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उनकी टाटा नेक्सन कार भी बरामद हुई। मृतक की पत्नी के बयान पर कतरास थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। बाघमारा एसडीपीओ अजीत विमल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेतुलमारी के खास सिजुआ निवासी कुंदन कुमार और प्रेम चौहान उर्फ पुष्पा को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना लोहे का पाइप, पत्थर, मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज तथा आरोपियों के खून लगे कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कुंदन कुमार ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान बीसीसीएल कर्मी जयराम मांझी से हुई। पैसों के लालच में उसने अपने साथी प्रेम चौहान के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची। हालांकि वारदात के बाद दोनों आरोपी मृतक के बैंक खाते से पैसे निकालने में सफल नहीं हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे में एसआईटी की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जाएगा, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।
















